जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और टीवी पत्रकार निधि रज़दान ने अपने विवाह की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है. भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी दोनों को बधाई दी है.

उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दंपति की चार तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि एक नई यात्रा शुरू हुई है. उन्होंने पोस्ट में निधि रज़दान को टैग किया. निधि रज़दान ने भी उमर अब्दुल्ला को टैग करते हुए विवाह की पुष्टि की.

कंगना रनौत ने एक्स पर एक संक्षिप्त पोस्ट में दोनों को शुभकामनाएं दीं.

दिल्ली में हुआ विवाह

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह किया. समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य गवाह के तौर पर मौजूद रहे. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि श्रीनगर और नई दिल्ली में आयोजित विवाह संबंधी कार्यक्रमों में करीबी रिश्तेदार शामिल हुए.

उमर अब्दुल्ला के माता-पिता, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मॉली अब्दुल्ला, उनकी तीन बहनें तथा अन्य रिश्तेदार कार्यक्रमों में मौजूद रहे. निधि रज़दान के माता-पिता, वरिष्ठ पत्रकार एम. के. रज़दान और सरला रज़दान के शामिल होने की भी जानकारी दी गई है.

यह उमर अब्दुल्ला और निधि रज़दान, दोनों का दूसरा विवाह है. रिपोर्ट के अनुसार, उमर अब्दुल्ला का पूर्व विवाह पायल से हुआ था और जुलाई में समझौते के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश से उनका विवाह समाप्त हुआ था.