ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी के बाद पंजाब की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है. सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को जारी होनी है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुस्तक से पहले दिए गए एक साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने कहा कि जून 1984 में स्वर्ण मंदिर परिसर में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद की तस्वीरें देखकर उनकी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू आ गए थे. उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी को अपनी जान पर खतरे का अंदेशा था और उन्होंने परिवार को संभावित मृत्यु की स्थिति में क्या करना है, इसके बारे में बताया था.

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अरशदीप सिंह क्लेर ने कांग्रेस नेतृत्व के इस भावनात्मक पक्ष पर सवाल उठाया. उन्होंने ऑपरेशन को सिख समुदाय और श्री अकाल तख्त साहिब पर सीधा हमला बताया तथा कहा कि 1984 की पीड़ा सिखों की कई पीढ़ियों की स्मृति में रहेगी. उन्होंने कांग्रेस पर सिखों के खिलाफ नरसंहार का आरोप भी लगाया.

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने कहा कि पार्टी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को कभी सही नहीं ठहराया और वह पंजाब तथा उसके लोगों के साथ खड़ी है.