केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ की जानकारी दी है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, 23 अक्टूबर को असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई. इसमें 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

अधिकारियों ने करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता लगाया. कार्रवाई के दौरान 1,424 बैंक खातों को फ्रीज किया गया और 17.82 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गईं. टीमों ने 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद भी जब्त किए.

शाह के मुताबिक, यह नेटवर्क भारत, म्यांमार और बांग्लादेश के बीच ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था. उन्होंने कार्रवाई में केंद्रीय एजेंसियों तथा असम, मिजोरम और मणिपुर पुलिस की भूमिका की सराहना की.

गृह मंत्री ने कहा कि यह अभियान देश में सक्रिय हर ड्रग नेटवर्क को 31 दिसंबर 2029 तक खत्म करने के केंद्र के लक्ष्य का हिस्सा है. उन्होंने पुलिस बलों से ‘नशा मुक्त भारत’ रोडमैप को लागू करने में पूरी भागीदारी का आह्वान किया है.

नशा मुक्त भारत अभियान का विस्तार

केंद्र के अनुसार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान की पहुंच 35 करोड़ से अधिक लोगों तक हो चुकी है. इनमें 13.94 करोड़ से अधिक युवा और 10.86 करोड़ महिलाएं शामिल हैं. अभियान 32 लाख से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से भी जुड़ा है.

15 अगस्त 2020 को शुरू हुआ यह अभियान पहले 272 संवेदनशील जिलों में लागू था और बाद में देशभर में विस्तारित किया गया. इसका जोर युवाओं, महिलाओं और समुदायों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने पर है.