चेन्नई स्थित Officers Training Academy (OTA) में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान 342 कैडेटों ने प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में अधिकारियों के रूप में कमीशन प्राप्त किया. इनमें लद्दाख के जांस्कर जिले की 24 वर्षीय इंजीनियरिंग स्नातक स्टैंजिन त्सांगयांग भी शामिल हैं, जिन्हें लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिला.

स्टैंजिन त्सांगयांग अपने परिवार से सेना में शामिल होने वाली पहली सदस्य हैं. उनके पिता तुंडुप त्सेरिंग सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां रिगजिन लाडोल गृहिणी हैं. त्सांगयांग ने बताया कि खेलों में रुचि और कॉलेज के दिनों में National Cadet Corps (NCC) से जुड़ाव ने उन्हें सेना में जाने के लिए प्रेरित किया.

कई कैडेटों ने पारिवारिक परंपरा आगे बढ़ाई

गोरखपुर की लेफ्टिनेंट रितिका दुबे भी अपने परिवार से सशस्त्र बलों में शामिल होने वाली पहली सदस्य बनीं. वहीं लेफ्टिनेंट मोहित अरोड़ा, प्रशांत गुरंग और एम.आर. रस्वंथ ने सेना में सेवा की पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया.

इस समारोह में सात मित्र देशों के 17 कैडेटों ने भी अपना प्रशिक्षण पूरा किया. इनमें भूटान, इस्वातिनी, लेसोथो, सेशेल्स, तंजानिया, युगांडा और जिम्बाब्वे के कैडेट शामिल थे.

नौसेना प्रमुख ने परेड की समीक्षा की

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने OTA के परमेश्वरन ड्रिल स्क्वायर में आयोजित परेड की समीक्षा की. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साहस एक ऐसी क्षमता है, जो इस्तेमाल करने के साथ मजबूत होती है. उनके अनुसार शारीरिक या नैतिक साहस संकट के समय अचानक पैदा नहीं होता, बल्कि रोजमर्रा के छोटे फैसलों से विकसित होता है.

एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि युद्ध का स्वरूप भले ही बदल रहा हो और अभियानों में नए हथियारों तथा नए क्षेत्रों का इस्तेमाल हो रहा हो, लेकिन इसके परिणाम अब भी उन पुरुषों और महिलाओं पर निर्भर करेंगे जो नेतृत्व करते हैं, प्रेरित करते हैं और कठिन परिस्थितियों में डटे रहते हैं.

समारोह में बटालियन अंडर ऑफिसर गुरकीरत सिंह होरा को Sword of Honour और Bronze Medal प्रदान किया गया. Academy Under Officer अभिनव चौहान को OTA Gold Medal, जबकि Academy Cadet Adjutant निकेत सिंह तोमर को Silver Medal मिला.