Fitch Ratings ने OYO की पैरेंट कंपनी PRISM की दीर्घकालिक विदेशी और स्थानीय मुद्रा जारीकर्ता डिफॉल्ट रेटिंग (IDR) का आउटलुक ‘स्टेबल’ से बदलकर ‘पॉजिटिव’ कर दिया है. कंपनी का नाम पहले Oravel Stays था. रेटिंग एजेंसी ने OYO की कर्ज घटाने की क्षमता के आकलन के आधार पर यह बदलाव किया है.

Fitch ने Oravel Stays Singapore Pte Limited की ओर से जारी 830 करोड़ डॉलर के सीनियर सिक्योर्ड टर्म लोन की ‘B’ रेटिंग बरकरार रखी है. इस कर्ज को OYO और समूह की कुछ अन्य कंपनियों ने बिना शर्त और अपरिवर्तनीय गारंटी दी है. लोन की Recovery Rating ‘RR4’ रखी गई है.

एजेंसी के अनुसार, OYO का डिलीवरेजिंग EBITDA में बढ़ोतरी और प्रबंधन की अधिक सतर्क पूंजी संरचना अपनाने की प्रतिबद्धता से होगा. Fitch को वित्त वर्ष 2026 में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद वित्त वर्ष 2027-28 में कंपनी के राजस्व में 9-14 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है. एजेंसी ने EBITDA मार्जिन और कंपनी के पैमाने में सुधार का भी अनुमान जताया है.

PRISM ने वित्त वर्ष 2025-26 में 994 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल से चार गुना से अधिक है. हालांकि, इसमें 678 करोड़ रुपये का डिफर्ड-टैक्स क्रेडिट शामिल था. कंपनी का परिचालन राजस्व 49.7 प्रतिशत बढ़कर 9,358 करोड़ रुपये और EBITDA दोगुने से अधिक होकर 2,594 करोड़ रुपये रहा.

Fitch के रेटिंग आकलन में प्रस्तावित IPO से मिलने वाली संभावित राशि को शामिल नहीं किया गया है. कंपनी IPO से 6,650 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है और इसके एक बड़े हिस्से का इस्तेमाल कर्ज घटाने में किया जा सकता है. कंपनी ने टर्म लोन के 4,990 करोड़ रुपये तक के प्रीपेमेंट की योजना बताई है. एजेंसी के अनुमान में इससे सकल EBITDA लीवरेज 2 गुना और शुद्ध लीवरेज 1 गुना से नीचे आ सकता है.