जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पचरी के सतनाम मंदिर से प्राचीन गुंबज कलश चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर कलश कटनई प्रहरी जंगल से बरामद कर लिया गया. न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, मंदिर में लगा यह कलश करीब 1945 में स्थापित किया गया था. 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति इसे निकालकर ले गया था. घटना के बाद सतनामी समाज के लोगों में नाराजगी थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर के सामान की चोरी और नुकसान की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं.
गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई. संदेह के आधार पर पचरी निवासी शुभम शर्मा (28), पिता हरिशंकर शर्मा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसके पास शराब खरीदने के पैसे नहीं थे. उसने तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई थी. शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण वह उसे नहीं निकाल सका और गुरु घासीदास बाबा मंदिर का कलश ले गया. रात अधिक होने से वह इसे बेच या घर नहीं ले जा सका और जंगल में छिपा दिया. मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है.
