राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पहलगाम आतंकी हमले में आतंकियों के पास मिले GoPro कैमरे की सप्लाई चेन की जांच कर रही है. एजेंसी ने इस संबंध में चीन से जानकारी मांगी है, लेकिन अब तक वहां से कोई जवाब नहीं मिला है. NIA के डायरेक्टर जनरल राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि मामले में कुछ फॉरेंसिक सबूत एजेंसी के पास हैं.

चीन के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचा था कैमरा

NIA ने GoPro कंपनी से डिवाइस की आपूर्ति से जुड़ी जानकारी मांगी थी. कंपनी के अनुसार, कैमरा सबसे पहले चीन में उसके एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था. अब जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि वहां से यह डिवाइस आगे किन लोगों के जरिए पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक पहुंचा.

भारत और चीन के बीच आपसी कानूनी सहायता संधि (MLAT) नहीं है. इसलिए NIA ने जानकारी हासिल करने का अनुरोध कूटनीतिक माध्यमों से भेजा है. एजेंसी इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं पाकिस्तान की सेना ने ऐसे कैमरे खरीदकर आतंकी संगठनों को तो उपलब्ध नहीं कराए थे. यह अभी जांच का विषय है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

डाचीगाम मुठभेड़ में मिला था कैमरा

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम से करीब छह किलोमीटर दूर बैसरन घाटी में हुए हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी और 16 लोग घायल हुए थे. जांच के अनुसार, हमले में लोगों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया गया था.

जुलाई 2025 में डाचीगाम के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे. उन्हें पहलगाम हमले के लिए जिम्मेदार माना गया. उन्हीं के पास से GoPro कैमरा मिलने की जानकारी सामने आई है. बैसरन से कम से कम दो AK-47 राइफलें और डाचीगाम मुठभेड़ के दौरान एक अन्य AK-47 बरामद हुई थी. जांच में इन राइफलों के चीन में निर्मित होने की बात कही गई है.

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हमले के बाद आतंकी जंगल के रास्ते बैसरन से बाहर निकले और संभवतः एक वाहन से फरार हुए. शोपियां नंबर प्लेट वाली एक गाड़ी को इलाके से बाहर जाते देखा गया था, लेकिन खराब CCTV कैमरों के कारण उसकी आगे की लोकेशन का पता नहीं चल सका.

NIA ने लश्कर-ए-तैयबा और छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. एजेंसी अब भी यह जांच कर रही है कि आरोपियों के अलावा कोई अन्य सहयोगी हमले में शामिल था या नहीं. एजेंसियों का मानना है कि हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल कैमरों की सप्लाई चेन से सीमापार हथियार, धन और उपकरण पहुंचाने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सकती है.