राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े GoPro कैमरे के बारे में चीन से मांगी गई जानकारी पर अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि जांच एजेंसी के पास इस मामले में कुछ फॉरेंसिक साक्ष्य मौजूद हैं.

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हुए हमले में 26 लोग मारे गए थे. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे. हमले की जिम्मेदारी द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी, जिसे लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन बताया गया है.

कैमरे की सप्लाई चेन की जांच

NIA ने जांच के दौरान GoPro Hero 12 Black कैमरा बरामद किया था. इस कैमरे का सीरियल नंबर C3501325471706 बताया गया है. एजेंसी के अनुसार, कैमरा हमले से पहले की रेकी, संदिग्धों की आवाजाही और आतंकी मॉड्यूल की तैयारियों से जुड़ा अहम सुराग हो सकता है.

GoPro से जानकारी मांगने पर NIA को पता चला कि कैमरा मूल रूप से चीन की कंपनी AE Group International Limited को भेजा गया था, जो निर्माता की अधिकृत वाणिज्यिक वितरक थी. डिवाइस पहली बार 30 जनवरी 2024 को चीन के डोंगगुआन में एक्टिवेट हुआ था. हालांकि, निर्माता के पास इसके बाद हुए लेनदेन या अंतिम उपयोगकर्ता की जानकारी उपलब्ध नहीं थी.

जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कैमरा किसने खरीदा, यह किन-किन लोगों के हाथों से गुजरा और क्या किसी बिचौलिए के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकियों तक पहुंचा. एजेंसी यह भी जांच रही है कि क्या कैमरा हमले की योजना या उसे अंजाम देने में इस्तेमाल हुआ था.

भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय Mutual Legal Assistance Treaty (MLAT) नहीं है. इसलिए सहायता का अनुरोध कानूनी और राजनयिक माध्यमों से आगे बढ़ाया जा रहा है. गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद जम्मू की विशेष अदालत ने 2 मार्च को चीनी न्यायिक अधिकारियों से मदद लेने के लिए लेटर ऑफ रोगेटरी जारी करने की अनुमति दी थी.

NIA ने लश्कर-ए-तैयबा और छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है. इसमें हमले में मारे गए तीन कथित आतंकियों और दो स्थानीय लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिन पर हमलावरों को भोजन और ठिकाना देने का आरोप है.