विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को आगरा स्थित ताजमहल जाने की अनुमति दी गई है. हालांकि, दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने के प्रस्ताव को सुरक्षा मंजूरी नहीं मिली है.
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई पाकिस्तान के संघीय जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक कर रहे हैं. उन्हें दिल्ली में हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट जाने की भी अनुमति दी गई है.
SCO संवाद मंच में भाग लेने आया प्रतिनिधिमंडल
यह प्रतिनिधिमंडल 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने भारत आया है. प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला पहुंचा था. मलिक का यह दौरा तीन वर्षों में किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत की पहली यात्रा बताया गया है. नई दिल्ली पहुंचने पर पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी’अफेयर्स साद वारैच ने उनका स्वागत किया.
मलिक ने भारत में रहने के दौरान कई ऐतिहासिक स्थलों को देखने, लोगों से मिलने और देश की संस्कृति को समझने की इच्छा जताई थी. इससे पहले केंद्र ने कहा था कि पाकिस्तानी मंत्रियों की आवाजाही पर कोई सामान्य यात्रा प्रतिबंध नहीं है और वे ताजमहल तथा हुमायूं के मकबरे समेत भारत में अन्य स्थानों की यात्रा कर सकते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम मंच का उद्घाटन किया. तीन दिवसीय कार्यक्रम में SCO देशों की साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक संवाद और लोगों के बीच संपर्क पर चर्चा हो रही है. कार्यक्रम में कला-वास्तुकला, भाषा-साहित्य और मठवासी व दार्शनिक विरासत जैसे विषयों पर सत्र रखे गए हैं.
