पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए. वह 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे. दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनका स्वागत किया.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा है. मुसादिक मलिक का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और पाकिस्तान के संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं. हालांकि, उनके भारत दौरे का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है.

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे मंच का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे. तीन दिवसीय मंच का उद्देश्य क्षेत्र की साझा और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना तथा सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को प्रोत्साहित करना है.

उद्घाटन कार्यक्रम में ‘सिविलाइजेशन्स इन कन्वर्सेशन’ नामक सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी. इसमें संगीत, नृत्य, दृश्यात्मक कहानी और कथन का संयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम के साथ ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली के इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा.

21 और 22 नवंबर को मंच के तहत चार विषयगत सत्र होंगे. इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि संगीत एवं प्रदर्शन कलाओं, वस्त्र परंपराओं, खानपान और पारंपरिक खेलों जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे.