झारखंड के पलामू जिले में सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) को लूटने की कोशिश मां-बेटे की तत्परता से नाकाम हो गई. घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान एक आरोपी सीएसपी के अंदर पिस्टल लेकर पहुंचा था, जबकि उसका साथी बाहर बाइक पर निगरानी कर रहा था.
सीएसपी संचालक ने आरोपी के पिस्टल तानने के बाद उसका विरोध किया. इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. आरोपी ने संचालक को नीचे गिराने की कोशिश की, तभी उसकी मां वहां पहुंचीं और बेटे को बचाने के लिए आरोपी से भिड़ गईं.
हाथापाई के दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है. इसके बावजूद मां-बेटे ने उसे पकड़ने की कोशिश जारी रखी और सड़क पर गिराकर काबू कर लिया. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया.
बाइक लूट के बाद सीएसपी को बनाया निशाना
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सीएसपी पहुंचने से पहले दोनों आरोपियों ने पलामू के सतबरवा इलाके में पिस्टल के बल पर एक पल्सर बाइक लूटी थी. इसके बाद वे उसी बाइक से गोपालगंज पहुंचे थे. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और कथित लूट की योजना की जांच कर रही है.
लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की. मौके से गोली का खोखा बरामद किए जाने की जानकारी है. पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथापाई और आरोपी को पकड़ने की कोशिश दिखाई देती है.
