झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) परिसर में नवजात का शव मिलने के मामले में जिला प्रशासन ने उत्तम हॉस्पिटल और निपुन अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया है. प्रशासन ने यह कार्रवाई मंगलवार शाम करीब सात बजे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद की.

मामला तब सामने आया, जब अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात के शव को मुंह में लेकर घूमता दिखाई दिया. इसके बाद प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.

जांच में सामने आया कि उत्तम हॉस्पिटल की फुटेज में मंगलवार सुबह करीब 5:12 बजे दो महिलाएं झोला लेकर एमएमसीएच परिसर की ओर जाती दिखाई दीं. करीब एक घंटे बाद दोनों महिलाएं वापस लौटती नजर आईं और उस समय उनके हाथ में झोला नहीं था. प्रशासन इन गतिविधियों को मामले की जांच से जोड़कर देख रहा है.

प्रशासनिक जांच के अनुसार, पलामू के पाटन क्षेत्र की 16 वर्षीय नाबालिग का उत्तम हॉस्पिटल में आठ माह का गर्भपात कराया गया था. अधिकारियों को आशंका है कि इसके बाद नवजात का शव एमएमसीएच परिसर में लाकर फेंका गया. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में किस-किस की भूमिका थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीम में सदर एसडीओ संजय पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता और एमएमसीएच अधीक्षक डॉ. अजय कुमार भी शामिल थे. जांच के दौरान खोजी कुत्ते की मदद भी ली गई.

प्रशासन प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रहा है. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल रिकॉर्ड और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.