जशपुर जिले के पालीडीह में 16 नवंबर की शाम तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो कारों और सात मोटरसाइकिलों समेत कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए. पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
घटना शाम करीब 5 बजे जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शोरूम के सामने हुई. पुलिस के अनुसार, बटुराबहार निवासी बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथियों सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ मोटरसाइकिल खरीदने पहुंचे थे. उन्होंने शोरूम के सामने कार और मोटरसाइकिल खड़ी की थी. इसी दौरान उनके परिचित विके बंजारा भी वहां पहुंचे.
पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, कार गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही थी. हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा घायल हुए. क्षतिग्रस्त वाहनों में स्विफ्ट डिजायर, ऑल्टो और सात बाइक शामिल हैं.
डिवाइडर के गड्ढे में फंसी कार
हादसे के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई. वह कार से उतरकर भाग रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार को शोरूम के सामने खड़े वाहनों से टकराते देखा जा सकता है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पालीडीह धनियापारा निवासी घनश्याम यादव (21) के रूप में हुई है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि आरोपी घटना के समय नशे में था और गलत दिशा में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था.
बोधलाल नायक की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 324(2) में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आर्टिगा कार जब्त कर ली है. एएसपी ने लोगों से नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
