पामगढ़ के चैतन्य साइंस एंड आर्ट्स स्वशासी महाविद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और राजनीति विज्ञान विभाग ने संयुक्त रूप से किया. इसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए.

समारोह के तहत भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई. विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से संविधान में निहित मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. रैली के बाद भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई.

महाविद्यालय के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि संविधान देश के संचालन का दस्तावेज होने के साथ भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का आधार भी है. उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया.

प्राचार्य डॉ. अमित चंद्रा ने कहा कि संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है तथा उन्हें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है. उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखने और व्यवहार में उतारने की अपील की.

कार्यक्रम में वक्ताओं ने संविधान की विशेषताओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था और डॉ. अंबेडकर के योगदान पर चर्चा की. उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया. कार्यक्रम में संचालक वीरेंद्र तिवारी, प्राचार्य डॉ. अमित चंद्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. नरेंद्र गुरिया, आईक्यूएसी समन्वयक चंचल यादव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे.