हरियाणा के पंचकूला स्थित संस्कृति Model School में तीसरी कक्षा के एक छात्र पर KG में पढ़ने वाली बच्ची पर पत्थरों और फूलदान से हमला करने का आरोप लगा है. घटना सेक्टर-20 स्थित स्कूल परिसर में हुई. बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बच्ची विशेष जरूरतों वाली है. हमले के बाद उसे पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए Chandigarh के Postgraduate Institute of Medical Education and Research (PGIMER) रेफर कर दिया.
रिपोर्टों में बताया गया है कि छात्र ने पहले बच्ची पर पत्थरों से हमला किया और बाद में फूलदान का इस्तेमाल किया. हमले के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस कर रही स्कूल प्रबंधन से पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस स्कूल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस स्कूल प्रबंधन तथा आरोपी छात्र के माता-पिता से पूछताछ कर रही है. जांच का एक प्रमुख हिस्सा यह पता लगाना है कि हमला किन परिस्थितियों में हुआ और उस समय परिसर में निगरानी व्यवस्था कैसी थी.
घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई और हमले की परिस्थितियों पर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
