पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले के पांडवेश्वर में इलाके में कलेक्शन के अधिकार को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. घटना रविवार दोपहर स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई. इसमें करीब आठ लोगों के घायल होने की जानकारी है. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज रानीगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
चाकू और लाठी से हमले का आरोप
आरोप है कि कलेक्शन को लेकर विवाद के बाद एक गुट के सदस्यों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला किया. इस दौरान मारपीट के साथ चाकू और लाठी से वार किए जाने की बात कही गई है. पश्चिम बर्धमान जिले के किन्नर समाज के गुरु बितन तिवारी ने आरोप लगाया कि उनके गुट के कुछ सदस्य समाज के काम से मंदिर के पास पहुंचे थे, तभी उन पर हमला किया गया.
तिवारी के मुताबिक, कुछ लोगों को चोरी के आरोप में गुट से बाहर कर दिया गया था. इसके बाद वे पांडवेश्वर में किराए के मकान में रहकर इलाके में कलेक्शन कर रहे थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झड़प के दौरान उनके साथियों के ढोल, सोने के आभूषण और नकदी छीन ली गई. उनके अनुसार, एक बुजुर्ग साथी का हाथ टूट गया है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
घटना के बाद किन्नर समुदाय के लोगों ने पांडवेश्वर थाने के सामने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की. पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ.
पांडवेश्वर पुलिस ने मामले में चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस झड़प की वजह और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
