चंडीगढ़ स्थित Panjab University के बॉटनिकल गार्डन के पास पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल गुरमंगत सिंह की गोली लगने से मौत हो गई. घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे एक कमरे में हुई, जहां से गोली चलने की आवाज सुनाई दी.
गुरमंगत सिंह पंजाब पुलिस की 82वीं बटालियन में तैनात थे और बॉटनी विभाग के हेड गार्डनर शेर सिंह की सुरक्षा ड्यूटी कर रहे थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले थे और उनके परिवार में पत्नी तथा दो बच्चे हैं.
पुलिस ने बताया कि गोली उनके सर्विस हथियार से चली. शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने जानबूझकर गोली चलाई या हथियार से दुर्घटनावश फायर हुआ. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की सूचना नहीं है.
सेक्टर-11 थाना पुलिस और विश्वविद्यालय पुलिस पोस्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच कर रही है.
