जशपुर जिले के पत्थलगांव में समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा शामिल करने के नाम पर रकम मांगने के आरोप में पुलिस ने तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
शिकायतकर्ता ने क्या आरोप लगाए
पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा की अदालत में परिवाद पेश किया था. उसके अनुसार, समाज से बहिष्कृत किए जाने के बाद दोबारा शामिल होने के लिए आवेदन करने पर तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा ने उससे रकम मांगी.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोबारा समाज में शामिल करने के लिए 2 लाख रुपये देने की बात कही गई थी. उसने 23 सितंबर 2022 को कुल 1 लाख रुपये ट्रांसफर किए. इसमें अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से PhonePe के जरिए 60 हजार रुपये शेखर बंजारा के खाते में और दोस्त के IndusInd Bank खाते से 40 हजार रुपये भेजने का उल्लेख है. शिकायतकर्ता के मुताबिक, रकम देने के बाद भी उससे दोबारा पैसे मांगे गए.
अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पहले कोरबा के सिविल लाइन रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2), 61(2), 3(5) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया. घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला बाद में वहां भेजा गया और अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत जांच शुरू हुई.
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में अपराध घटित होना पाए जाने के बाद शेखर बंजारा को गिरफ्तार किया गया. महेंद्र बंजारा, नंदकिशोर बंजारा और श्यामलाल बंजारा की तलाश की जा रही है. एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऐसी शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
