पटना में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से 16 नवंबर को सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का पटना जिले में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान कुछ मार्गों पर भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा.
15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के समय दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के दौरान सुबह 2 बजे से 8 बजे तक, या यातायात सामान्य होने तक, कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. कारगिल चौक से दीदारगंज तक अशोक राजपथ पर भी सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. छठव्रतियों के वाहन, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, मरीज और शव वाहन निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे.
सुरक्षा के लिए पटना के प्रमुख घाटों, तालाबों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, अधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. गंगा घाटों पर NDRF, SDRF, स्थानीय गोताखोर, दमकल, एंबुलेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को लगाया गया है. प्रशासन ने निजी नावों के परिचालन पर भी 13 से 16 नवंबर तक रोक लगाई है.
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल, वैकल्पिक मार्ग, सीसीटीवी निगरानी, अस्थायी नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा दल और प्रकाश व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित घाटों का उपयोग करने और यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
