पटना हाईकोर्ट ने बेगूसराय के एक मामले में बलात्कार के प्रयास की सजा रद्द कर दी है. अदालत ने कहा कि किसी आरोपी को रेप की कोशिश का दोषी ठहराने के लिए केवल गलत नीयत या अश्लील हरकत पर्याप्त नहीं है. इसके लिए ऐसे ठोस सबूत जरूरी हैं, जिनसे यह साबित हो कि आरोपी तैयारी के स्तर से आगे बढ़कर रेप करने की दिशा में कोई स्पष्ट कदम उठा चुका था.

जस्टिस संदीप कुमार की बेंच ने 8 अक्टूबर 2026 को यह फैसला सुनाया. मामला 8 फरवरी 2010 की रात का है. अभियोजन के अनुसार, बेगूसराय की एक विधवा महिला अपने बच्चे के साथ घर में सो रही थी. आरोप था कि एक अधेड़ व्यक्ति जबरन घर में घुसा, दीया बुझाया और महिला के ऊपर लेटकर उसका मुंह दबा दिया. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया.

महिला ने पहले ग्रामीणों के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की. आरोपी के पंचायती में नहीं पहुंचने के बाद उसने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस में मामला दर्ज नहीं होने पर 10 फरवरी 2010 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में शिकायत दी गई. इसके बाद CrPC की धारा 156(3) के तहत पुलिस को जांच का निर्देश दिया गया और केस दर्ज हुआ. ट्रायल कोर्ट ने IPC की धारा 511 के साथ धारा 376 के तहत रेप के प्रयास और धारा 448 के तहत घर में अनधिकृत प्रवेश का दोषी मानते हुए चार साल और छह महीने की सजा सुनाई थी.

हाईकोर्ट ने किन तथ्यों को माना

हाईकोर्ट ने कहा कि महिला ने आरोपी की पहचान और उसकी हरकतों के बारे में लगातार बयान दिया था. पड़ोसी की गवाही से भी आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि हुई. अदालत ने यह भी माना कि आरोपी के पास रात में महिला के घर के अंदर होने का कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं था.

शिकायत दर्ज कराने में दो दिन की देरी को अदालत ने मामले के खिलाफ निर्णायक आधार नहीं माना. फैसले में सुप्रीम कोर्ट के State of Punjab बनाम Gurmit Singh (1996) के सिद्धांत का उल्लेख किया गया, जिसके अनुसार सामाजिक बदनामी, शर्म और डर के कारण यौन अपराधों में शिकायत दर्ज कराने में देरी हो सकती है.

जांच अधिकारी के गवाही के लिए पेश नहीं होने पर भी हाईकोर्ट ने कहा कि यदि उपलब्ध गवाहों की विश्वसनीय गवाही से जरूरी तथ्य साबित हो रहे हों, तो हर अतिरिक्त गवाह को पेश करना अनिवार्य नहीं है. हालांकि, अदालत ने माना कि मेडिकल और जांच संबंधी सबूतों की कमी से आरोपी की वास्तविक हरकत का आकलन प्रभावित हो सकता है.

रेप प्रयास और आपत्तिजनक हरकत में अंतर

अदालत ने महिला की गवाही के आधार पर आरोपी का घर में घुसना, दीया बुझाना, उसके ऊपर लेटना और मुंह दबाना साबित माना. लेकिन रेप करने की दिशा में आगे बढ़ने वाले ठोस कदम का पर्याप्त प्रमाण नहीं मिला. फैसले में यह भी कहा गया कि कपड़े उतारने या शारीरिक रूप से रेप की ओर बढ़ने की कोशिश का सबूत सामने नहीं आया.

हाईकोर्ट ने आरोपी को महिला की मर्यादा भंग करने के लिए IPC की धारा 354 के तहत दोषी माना. रेप प्रयास की सजा हटाते हुए दोनों अपराधों में सजा को अब तक जेल में बिताई अवधि के बराबर कर दिया गया. साथ ही महिला को मुआवजा देने के लिए 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.