गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया. मल्टीपरपस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया. जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आदिवासी समाज के लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित करने और माल्यार्पण के साथ हुई. नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान और नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

कलेक्टर विजय दयाराम के. सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और आदिवासी समाज के लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संघर्ष, जनजातीय स्वाभिमान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया गया.

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणा है. उनके अनुसार, जनजातीय गौरव दिवस अब पूरे देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बिरसा मुंडा ने अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया तथा जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया.