गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के सीमावर्ती इलाकों में 52 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. दल के पेंड्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग को पार करने के दौरान कुछ समय के लिए दोनों ओर का यातायात रुक गया. सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को हाथियों के रास्ता पार करने तक इंतजार करना पड़ा. इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका.

कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र से लेकर मरवाही वनमंडल के पेंड्रा और मरवाही वन परिक्षेत्रों के आसपास पिछले कई दिनों से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है. जंगल से लगे खेतों में पहुंचकर हाथियों का दल फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता है और ग्रामीण खेतों की ओर जाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं.

वन विभाग ने सीमावर्ती गांवों में जारी किया अलर्ट

वन विभाग ने लोगों को हाथियों के करीब नहीं जाने, उनके रास्ते में बाधा नहीं डालने और झुंड को देखकर भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी है. विभागीय अमला हाथियों की दिशा और गतिविधियों पर नजर रख रहा है. सीमावर्ती गांवों में वन कर्मचारियों की तैनाती कर निगरानी की जा रही है.

हालांकि, हाथियों को देखने और फोटो-वीडियो बनाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उनके नजदीक पहुंच रही है. सड़क पार करने के दौरान भी कई लोग झुंड के पास जाकर हल्ला करते नजर आए. वन विभाग ने चेताया है कि झुंड का कोई हाथी आक्रोशित हुआ तो लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है. मैदानी अमले के लिए भी भीड़ को नियंत्रित करना चुनौती बना हुआ है.