गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र के कुदरी गांव में सफेद रंग का भालू एक बार फिर दिखाई दिया. सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने उसका वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. वीडियो में भालू सड़क किनारे से डोंगरी की ओर जाता नजर आ रहा है.
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह भालू करीब एक साल से कुदरी, कुड़कई और आसपास के इलाकों में घूम रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि वह अक्सर शाम के समय जंगल से निकलकर गांव के नजदीक आता है, कुछ देर रुकता है और फिर जंगल की ओर लौट जाता है.
ग्रामीणों के अनुसार, 26 अक्टूबर की शाम ग्राम गिरारी में और 27 अक्टूबर को गिरारी मुख्य मार्ग पर भी इसकी मौजूदगी देखी गई थी. करीब पांच महीने पहले आमाडांड में तथा 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द में भी संभवतः इसी सफेद रंग के भालू को देखे जाने की जानकारी सामने आई थी.
ग्रामीणों ने बढ़ी गश्त की मांग की
आबादी वाले इलाकों के पास भालू की लगातार आवाजाही से किसानों और राहगीरों में चिंता है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है.
वन विभाग के अधिकारियों ने भालू दिखाई देने की सूचना मिलने की पुष्टि की है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच के लिए टीम भेजी जाएगी. ग्रामीणों को वन्यजीव से दूरी बनाए रखने और विशेषकर शाम के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
