फिनटेक कंपनी Pine Labs ने पूर्व Razorpay अधिकारी जयाराम कार्तिक को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया है. कंपनी ने बुधवार को बताया कि कार्तिक भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उसके ऑपरेशंस और मर्चेंट एक्सपीरियंस का नेतृत्व करेंगे.
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब Pine Labs 20 से अधिक देशों में अपनी मौजूदगी के लिए एकीकृत ऑपरेशनल मॉडल विकसित करने पर जोर दे रही है. कंपनी के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर कारोबार बढ़ाने के लिए प्रक्रियाओं में एकरूपता और ऑपरेशनल क्षमता मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है.
कार्तिक के पास 25 साल से अधिक का अनुभव
जयाराम कार्तिक को ऑपरेशंस, रिस्क, एनालिटिक्स और टेक्नोलॉजी में 25 साल से अधिक का अनुभव है. उन्होंने American Express, Citibank, Amazon, Tata और Razorpay जैसी कंपनियों में काम किया है.
Pine Labs के CEO बी. अमरीश राउ ने कहा कि कंपनी के 20 से अधिक देशों में संचालन के बीच एक समान ऑपरेशनल एक्सीलेंस मॉडल तैयार करना उसके विस्तार के लिए महत्वपूर्ण है. उनके मुताबिक, जटिल ऑपरेटिंग प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने में कार्तिक का अनुभव कंपनी की अगली वैश्विक विकास अवस्था में मदद करेगा.
कार्तिक ने कहा कि वह Pine Labs के ऑपरेशनल आधार को मजबूत करने, कारोबार को तेजी से बढ़ाने, ग्राहकों को बेहतर सेवा देने और अलग-अलग बाजारों में भरोसा कायम करने पर काम करेंगे.
पहली तिमाही में मुनाफा बढ़ा, तिमाही आधार पर गिरावट
Pine Labs ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 19.57 करोड़ रुपये का consolidated net profit दर्ज किया. यह वित्त वर्ष 2026 की समान तिमाही के 4.79 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब चार गुना है.
हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा घटा है. Q4FY26 में दर्ज 59.36 करोड़ रुपये की तुलना में Q1FY27 का मुनाफा 67 फीसदी कम रहा. कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान effective tax rate बढ़कर 48 फीसदी हो गया, जिससे pre-tax profit का कम हिस्सा net profit में आया.
Pine Labs के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 में effective tax rate के 28-30 फीसदी तक घटने की उम्मीद है. कंपनी ने यह भी कहा है कि वित्त वर्ष 2028 से यह दर करीब 25-26 फीसदी के सामान्य स्तर पर आ सकती है.
