महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाखागढ़ के पास शनिवार रात दो ट्रकों में भीषण आग लग गई. हादसे में दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए. चलते ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई.

पुलिस के मुताबिक, चावल से लदा एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहे दूसरे ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई. इस ट्रक में दोना-पत्तल और राशन सामग्री लदी थी.

आग तेजी से फैलने के बाद पास में खड़ा चावल से लदा ट्रक भी उसकी चपेट में आ गया. लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों वाहन कुछ ही देर में पूरी तरह जल गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सूचना मिलने पर पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची. आग बुझाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहन बुलाए गए. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पिथौरा पुलिस मामले की जांच कर रही है.