प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात 8 बजे ‘किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ के प्लेनरी सत्र को संबोधित करेंगे. दो दिवसीय यह सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में देशभर से 2,000 से अधिक किसान, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और वैश्विक कृषि विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं.
इस साल सम्मेलन की थीम ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ रखी गई है. चर्चा का केंद्र खेती में नई तकनीक, टिकाऊ कृषि, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां और किसानों के लिए नए अवसर हैं. सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और मौसम के बदलावों का सामना करने में सक्षम फसलों की नई किस्मों पर भी विचार किया जा रहा है.
प्रधानमंत्री का संबोधन भारत मंडपम के प्लेनरी हॉल में होगा, जहां करीब 2,700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. आयोजकों के अनुसार, संबोधन का विभिन्न टीवी चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया माध्यमों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा.
कार्यक्रम में प्रवेश आमंत्रण या पूर्व पंजीकरण के आधार पर होगा. पंजीकृत आमंत्रित लोगों को पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड साथ लाने और शाम 4 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है.
सम्मेलन के पहले दिन केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई वक्ताओं ने भाग लिया. गुरुवार के कार्यक्रम में दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और अन्य नीति-निर्माता तथा कृषि विशेषज्ञ भी शामिल होंगे.
सम्मेलन का उद्देश्य किसानों की जरूरतों को कृषि नीति, नवाचार और तकनीकी विकास से जुड़ी चर्चाओं के केंद्र में रखना है. आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में यह भी चर्चा होगी कि तकनीक, नवाचार और सरकारी नीतियां विकसित भारत के लक्ष्य में किस तरह योगदान दे सकती हैं.
