प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेती को स्मार्ट बनाए बिना और किसानों को सशक्त किए बिना देश की प्रगति संभव नहीं है. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में उन्होंने दावा किया कि विश्व बैंक की एक स्टडी के अनुसार भारत में 50 करोड़ गरीबों ने गरीबी को मात दी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि गांवों में गरीबी में तेजी से कमी आई है.

मोदी ने कृषि विकास और ग्रामीण गरीबी में कमी के बीच संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते दशक में भारत की कृषि विकास दर 4% से अधिक रही. उनके मुताबिक, आजादी के बाद पहली बार कृषि क्षेत्र ने इस स्तर की वृद्धि दर्ज की है. उन्होंने कहा कि इस अवधि में बड़ी संख्या में ग्रामीण गरीब गरीबी से बाहर आए हैं.

दो दिवसीय सम्मेलन में 2,000 से अधिक किसान, नीति निर्माता, उद्योग प्रतिनिधि और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल हुए. प्रधानमंत्री ने किसानों पर लागत का बोझ कम करने को सरकार की प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि सस्ती खाद उपलब्ध कराने के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3,000 रुपये की यूरिया बोरी किसानों को 300 रुपये से कम में मिल रही है.

प्रधानमंत्री ने बताया कि देश में 750 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र हैं. उन्होंने पशुओं में फुट एंड माउथ डिजीज की रोकथाम के लिए 8 करोड़ से अधिक पशुओं को मुफ्त टीका लगाए जाने की बात कही. ड्रोन तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सौर ऊर्जा से चलने वाले कृषि उपकरणों को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया.

मोदी ने किसानों को केवल उत्पादक नहीं, बल्कि कृषि उद्यमी बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि खेतों में होने वाली उपज का स्थानीय स्तर पर मूल्यवर्धन बढ़ाया जाना चाहिए. सौर ऊर्जा संयंत्रों के जरिए किसानों के ‘ऊर्जादाता’ बनने का भी उन्होंने उल्लेख किया.

प्रधानमंत्री के मुताबिक, पिछले दशक में भारत का दूध उत्पादन 70% बढ़ा है, जबकि अंडे के उत्पादन में 90% की वृद्धि हुई है. शहद उत्पादन करीब 80 हजार टन से बढ़कर डेढ़ लाख टन और बागवानी उत्पादन 280 मिलियन टन से बढ़कर 350 मिलियन टन से अधिक हो गया है. उन्होंने कहा कि भारत हर साल करीब 4 लाख करोड़ रुपये के कृषि उत्पादों का निर्यात कर रहा है.