प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से त्योहारों की खरीदारी के दौरान स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ऐसी खरीदारी से कारीगरों का उत्साह बढ़ेगा और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती मिलेगी.
‘मन की बात’ के 139वें संस्करण में प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के समय लोग परिवार और प्रियजनों के लिए उपहार तथा अन्य सामान खरीदते हैं. उन्होंने अपील की कि इस दौरान स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता दी जाए, ताकि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रगति तेज हो सके.
प्रधानमंत्री ने भारतीय उत्पादों की विदेशों तक पहुंच का भी उल्लेख किया. उन्होंने बिहार के मखाना के ग्रीस और कर्नाटक की अरहर दाल के मालदीव तक निर्यात का उदाहरण दिया. उनके अनुसार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से वे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बना रहे हैं.
पैकेजिंग और पारंपरिक कौशल का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी उत्पाद को बाजार में पहचान दिलाने में पैकेजिंग की भी अहम भूमिका है. उनके मुताबिक, आकर्षक पैकेजिंग उपभोक्ताओं का ध्यान खींचती है और उत्पाद के बारे में जानने की रुचि पैदा करती है.
उन्होंने पंजाब के मालवा क्षेत्र में प्राकृतिक कपास की खेती को बढ़ावा देने की पहल का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि खेती विरासत मिशन जैविक खेती के पुनरुद्धार पर काम कर रहा है. संगठन की ‘नव-त्रिंजन’ पहल प्राकृतिक कपास की खेती को प्रोत्साहित करती है और कुछ वर्ष पहले शुरू किए गए बुनाई स्कूल के जरिए नई पीढ़ी तक पारंपरिक कौशल पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
नदी संरक्षण और दूरस्थ चिकित्सा सेवा
कार्यक्रम में उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले की हेवल नदी के पुनर्जीवन पर भी बात हुई. प्रधानमंत्री के अनुसार, जलस्तर घटने और आसपास के प्राकृतिक जलस्रोत सूखने के बाद स्थानीय लोगों तथा प्रशासन ने वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और बड़े पैमाने पर पौधारोपण जैसे उपाय शुरू किए. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से नदी और कई प्राकृतिक जलस्रोतों को लाभ मिला है.
प्रधानमंत्री ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए अब तक करीब 50 करोड़ टेली-परामर्श किए जा चुके हैं. उन्होंने इसे दूरदराज के इलाकों तक चिकित्सा परामर्श पहुंचाने में तकनीक, डॉक्टरों की सेवा भावना और नागरिकों के भरोसे का उदाहरण बताया.
इस प्रसारण के साथ ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया गया. प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की यात्रा को लोगों के कार्यों और योगदानों को करीब से जानने का माध्यम बताया.
