प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और रायबरेली में धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. प्रयागराज में शहरवासियों के लिए ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराई गई, जबकि रायबरेली के ऊंचाहार में प्रधानमंत्री की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप हुआ.
प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की ओर से सिनेमा हॉल के तीन दिनों के चारों शो बुक कराए गए. कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी पहुंचे. स्क्रीनिंग से पहले केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया और उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. इसके बाद दर्शकों ने फिल्म देखी.
आयोजकों के अनुसार, फिल्म की कहानी और दृश्यों के दौरान सिनेमा हॉल में भक्तिमय माहौल रहा. तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में शहरवासियों को सामूहिक रूप से फिल्म देखने का अवसर दिया जा रहा है.
ऊंचाहार में महामृत्युंजय मंत्र का जाप
रायबरेली के ऊंचाहार में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के आह्वान पर आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा के दौरान सामूहिक अनुष्ठान हुआ. आयोजकों के मुताबिक, इसमें पांच लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए और सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया गया.
आयोजन में पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी में वैदिक विधि-विधान से कार्यक्रम संपन्न हुआ. शंखनाद, डमरू वादन और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री के लंबे जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की.
दोनों कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को धार्मिक आस्था और सामूहिक भागीदारी के साथ मनाया गया. पांच लाख से अधिक लोगों की भागीदारी और मंत्र-जाप की संख्या आयोजकों के दावे पर आधारित है.
