प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में मीडिया से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही.

प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के समय हर कोई परिवार और अपनों के साथ समय बिताने की कोशिश करता है. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उनके काम में ब्रेकिंग न्यूज की लगातार भागदौड़ रहती है, इसके बावजूद वे इस ‘नॉन-ब्रेकिंग न्यूज’ कार्यक्रम में शामिल हुए, इसके लिए वह आभारी हैं.

मोदी ने अपने पुराने मीडिया संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर Instagram Reel तक मीडिया संवाद में आए बदलावों को करीब से देखा है. उन्होंने बताया कि 1990 के दशक की शुरुआत में उन्हें दो लंबी यात्राओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली थी. उस समय प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी.

उन्होंने कहा कि दिल्ली आने के बाद भी उनकी जिम्मेदारियों में दिवाली मिलन कार्यक्रम के लिए कुर्सियां लगवाना और पत्रकारों का स्वागत करना शामिल था. उस दौर में कैमरे कम होते थे, लेकिन पत्रकारों से उनकी अच्छी पहचान थी और कार्यक्रमों का माहौल उत्साहपूर्ण रहता था.

प्रधानमंत्री ने कहा कि रिपोर्टर से एडिटर बनने पर भूमिका बदलती है. इसी तरह सरकार में आने के बाद उनकी जिम्मेदारियां भी बदलीं. उन्होंने बताया कि पिछले महीने ‘हेड ऑफ द गवर्नमेंट’ के तौर पर उनके 25 साल पूरे हुए हैं.