प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भारत पहली बार इस वैश्विक मंच की मेजबानी कर रहा है. इस वर्ष फोरम की थीम ‘बदलती दुनिया में ताकत के नए स्रोत तय करना’ है. तीन दिन का यह कार्यक्रम 15 अक्टूबर को समाप्त होगा.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है. उन्होंने कहा कि सरकार के पास अधिकार और जिम्मेदारियां होती हैं, लेकिन नागरिकों को केवल सरकार पर निर्भर नहीं होना चाहिए. उनके मुताबिक प्रतिस्पर्धा के साथ दूसरों के लिए मददगार होना भी जरूरी है.
मोदी ने भारत की स्टार्टअप यात्रा को देश में हो रहे बदलाव का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि अब स्टार्टअप के अवसर छोटे शहरों तक पहुंच रहे हैं और इससे नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिल रहा है.
प्रधानमंत्री ने मोबाइल कनेक्टिविटी और सस्ती तकनीक का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी ने लोगों को जोड़ने के साथ अवसरों तक उनकी पहुंच भी बढ़ाई है. इसका लाभ छोटे दुकानदारों तक पहुंचने की बात उन्होंने कही.
उन्होंने कहा कि भारत अपनी क्षमताओं को देश तक सीमित रखने के बजाय ग्लोबल साउथ और साझेदार देशों के साथ साझा करता है. इस संदर्भ में उन्होंने CoWIN प्लेटफॉर्म का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की क्षमता मानवता को सशक्त बनाने में काम आनी चाहिए.
ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में अर्थव्यवस्था, कारोबार, निवेश, तकनीक और बदलते वैश्विक राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हो रही है. आयोजकों के अनुसार इसमें 500 से अधिक वैश्विक नेताओं और कारोबारी हस्तियों के शामिल होने की योजना है.
