प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर लिखे ब्लॉग में कांग्रेस और विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला किया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अब केवल विरोध करने वाला दल नहीं, बल्कि ‘अवरोध पक्ष’ बनता जा रहा है. मोदी ने कहा कि करीब पांच दशक तक देश पर शासन करने वालों ने सत्ता के लिए कई बार संविधान का दुरुपयोग किया और उसे कमजोर किया.
प्रधानमंत्री ने संविधान को अपने और करोड़ों भारतीयों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि संविधान की ताकत से सामान्य परिवार में जन्मा व्यक्ति भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है. ब्लॉग में उन्होंने सामाजिक और आर्थिक न्याय से जुड़ी सरकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया.
मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत में करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर आए हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं को सामाजिक-आर्थिक न्याय से जोड़ा. डिजिटल तकनीक, RuPay कार्ड और UPI को उन्होंने वित्तीय समावेशन का माध्यम बताया.
संवैधानिक संशोधनों और कानूनों का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने 101वें संशोधन से GST, 102वें संशोधन से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और 103वें संशोधन से EWS वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण मिलने का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है. भारतीय न्याय संहिता के जरिए आपराधिक न्याय व्यवस्था में बदलाव की बात भी उन्होंने कही.
मोदी ने 1951 के पहले संविधान संशोधन, आपातकाल के दौरान 42वें संशोधन और 38वें-39वें संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि इनका अध्ययन युवाओं को करना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस सरकारों पर अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल का आरोप लगाया और अनुच्छेद 370 व 35ए का भी उल्लेख किया.
उन्होंने नक्सलवाद को आदिवासी क्षेत्रों में संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने वाला बताया और इसके अंत को अपनी सरकार की उपलब्धि कहा. महिला आरक्षण और OBC आरक्षण को लेकर भी उन्होंने विपक्ष की आलोचना की. मोदी ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भावना’ अपनाने की अपील की.
