प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ अपने पुराने संबंधों और मीडिया के बदलते स्वरूप पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि जैसे न्यूज़रूम में हर काम की एक डेडलाइन होती है, वैसे ही जीवन और देश के विकास के लिए भी स्पष्ट समय-सीमा जरूरी है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के सामने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य है. उनके अनुसार, किसी लक्ष्य के लिए समय-सीमा तय होने से प्राथमिकताएं स्पष्ट होती हैं और काम की गति बढ़ती है. उन्होंने मोबाइल निर्माण, UPI, स्टार्टअप, चिनाब रेल पुल और एक्सप्रेसवे जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के लिए 2047 तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है. इसके लिए छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ना होगा. प्रधानमंत्री ने चार करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान, तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ और 12 करोड़ घरों में शौचालय जैसे लक्ष्यों का उदाहरण दिया.

गुजरात के मुख्यमंत्री बनने की खबर का किस्सा

मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन का एक पुराना प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब वह दिल्ली के अशोक रोड स्थित पार्टी कार्यालय में रहते थे, तब कुछ पत्रकार उनके कमरे में मिठाई मांगने पहुंचे थे. पत्रकारों ने उन्हें बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री के अनुसार, उस समय उन्हें खुद इस फैसले की जानकारी नहीं थी, जबकि पत्रकारों को इसकी खबर पहले मिल चुकी थी.

उन्होंने याद किया कि 1990 के दशक की शुरुआत में उन्हें पार्टी की दो बड़ी यात्राओं से जुड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई थीं. उस दौर में प्रेस नोट भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी. दिल्ली आने के बाद दिवाली मिलन जैसे कार्यक्रमों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियों की व्यवस्था करने और पत्रकारों का स्वागत करने की होती थी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले करीब 25 वर्षों में देश, राजनीति और मीडिया का स्वरूप काफी बदल गया है. पहले समाचारों के लिए ओबी वैन का इस्तेमाल होता था, जबकि अब मोबाइल फोन ही कई बार ओबी वैन की भूमिका निभाता है. उन्होंने प्रेस नोट से लेकर Instagram Reels तक संचार के बदलाव का उल्लेख किया.

मोदी ने आपदा की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भूकंप या बाढ़ जैसी परिस्थितियों में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे होते हैं, फिर भी रिपोर्टर जोखिम उठाकर घटनास्थल तक पहुंचते हैं. उन्होंने मीडिया से भारत की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और प्रेरक कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने, युवाओं को नशे से बचाने और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाले मुद्दों को जगह देने की अपील की.