प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 1 नवंबर को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सभी राज्यों के निवासियों के लिए शांति, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की.

मध्य प्रदेश के संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, बुनियादी ढांचे तथा नवाचार में योगदान का उल्लेख किया. छत्तीसगढ़ के लिए उन्होंने जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और लोक परंपराओं को रेखांकित करते हुए विकास की गति बढ़ने और नक्सलवाद पर अंकुश लगने की बात कही.

हरियाणा के संदर्भ में उन्होंने कृषि, खेल, रक्षा सेवाओं, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप क्षेत्र में लोगों की उपलब्धियों की सराहना की. कर्नाटक के लिए सूचना प्रौद्योगिकी, जैव-प्रौद्योगिकी, एयरोस्पेस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्टार्टअप को प्रमुख योगदान बताया.

केरल के संदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यमिता और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र हुआ. तमिलनाडु के लिए विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष तकनीक और उभरते उद्योगों में योगदान को रेखांकित किया गया. प्रधानमंत्री ने आने वाले वर्षों में नए अवसर, अधिक समृद्धि और निरंतर प्रगति की उम्मीद जताई.