प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया. इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है. उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार से मुलाकात की और उन्हें गले लगाया.

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पुल पर टहले और गमछा लहराया. अपने करीब 16 मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु, नीतीश कुमार की सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन और विश्वास की नई राह चुनी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी, जबकि अब राज्य में निवेश के आंकड़े गिने जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने योजनाओं का लाभ लोगों के घर तक पहुंचाया है. उनके अनुसार, बिहार में 43 लाख लोगों को पक्के मकान दिए गए हैं.

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 21 विभागों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं की कुल लागत 34,470 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. इनमें सड़क, पुल, उद्योग, शिक्षा, ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं. इसके अलावा 1,243 एकड़ के औद्योगिक कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी गई.