प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा. इस दौरान प्रधानमंत्री सभा को भी संबोधित करेंगे. प्रस्तावित परियोजनाओं में लेह एयरपोर्ट का नया पैसेंजर टर्मिनल, निम्मू-पदुम-दरचा सड़क, हानू जलविद्युत परियोजना, ट्रांसमिशन लाइन, पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और जलाशय शामिल हैं.

लेह एयरपोर्ट टर्मिनल की क्षमता 35 लाख यात्री सालाना

कुशोक बकुला रिम्पोछे एयरपोर्ट के नए पैसेंजर टर्मिनल को 640 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. 23,800 वर्ग मीटर में फैला यह टर्मिनल हर साल करीब 35 लाख यात्रियों को संभाल सकेगा. इसमें आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ लद्दाख की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाला डिजाइन रखा गया है. ऊर्जा खपत और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए टर्मिनल में जियोथर्मल एनर्जी के इस्तेमाल की जानकारी दी गई है.

निम्मू-दरचा सड़क से मिलेगा वैकल्पिक मार्ग

प्रधानमंत्री 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दरचा सड़क को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन ने इसका निर्माण किया है. यह सड़क लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दरचा से जोड़ेगी और जांस्कर घाटी से होकर गुजरेगी. इससे श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह हाईवे के अलावा लद्दाख आने-जाने का एक और मार्ग उपलब्ध होगा.

सड़क से जांस्कर घाटी के लोगों को अस्पताल, स्कूल और बाजार जैसी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है. ऊंचाई वाले शिंकुन ला दर्रे से गुजरने वाली यह सड़क सैन्य जवानों और आवश्यक सामान की आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताई गई है.

बिजली, जल संरक्षण और विरासत पर जोर

हानू में 9 मेगावाट की स्मॉल हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना और 66 केवी की डबल-सर्किट दाह-हानू-खलत्सी ट्रांसमिशन लाइन शुरू की जाएगी. इनसे स्थानीय बिजली उत्पादन और आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करने का लक्ष्य है.

लेह के सिंधु घाट पर देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क भी शुरू किया जाएगा. इसका उद्देश्य पत्थरों पर उकेरी गई प्राचीन आकृतियों और शैलचित्रों को संरक्षित करना है. इसके अलावा, प्रोजेक्ट अमृत हिम सरोवर के तहत 40 गांवों में बनाए गए 40 जलाशयों का उद्घाटन होगा. इन जलाशयों में पानी जमा कर सिंचाई और जरूरत के समय जल उपलब्धता में मदद करने की योजना है.