प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन से मुलाकात की. पार्मेलिन भारत के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर आए हैं. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
यह यात्रा India-European Free Trade Association (EFTA) Trade and Economic Partnership Agreement (TEPA) के लागू होने की पहली वर्षगांठ से पहले हो रही है. समझौता 1 अक्टूबर 2025 को प्रभावी हुआ था. पार्मेलिन के दौरे में दोनों पक्ष इसके तहत हुई प्रगति की समीक्षा और आगे के सहयोग की दिशा पर चर्चा कर सकते हैं.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी को मजबूत करने और India-EFTA TEPA की संभावनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर बातचीत हुई. जयशंकर ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ पार्मेलिन की बैठक से दोनों देशों के बीच सहयोग के कई क्षेत्रों में प्रगति होगी.
पार्मेलिन का औपचारिक कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में स्वागत समारोह से शुरू हुआ, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया. इस मौके पर पार्मेलिन ने कहा कि दोनों देशों के संबंध साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विश्वास और आपसी सम्मान पर आधारित हैं.
दौरे के दौरान व्यापार, निवेश, विज्ञान एवं तकनीक, नवाचार, लोगों की आवाजाही, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जनसंपर्क जैसे विषयों पर बातचीत प्रस्तावित है. क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ बहुपक्षीय सहयोग भी वार्ता के एजेंडे में शामिल है.
पार्मेलिन 7 अक्टूबर को दूसरे India-EFTA Prosperity Summit में शामिल होने वाले हैं. EFTA में आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन चार देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है.
