प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारत की उपलब्धियों से असहज रहने वाले आलोचकों पर तंज कसते हुए उन्हें ‘नाराज फूफा’ कहा. उन्होंने विपक्ष का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि ऐसे लोगों को महान गायक भूपेन हजारिका के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि शायद उनमें सद्बुद्धि आए.
मोदी दिल्ली में भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि भारत की भाषाएं, खान-पान और जीवनशैली अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन विकसित भारत का संकल्प साझा है. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता के लिए मतभेद और विभाजन पर निर्भर रहते हैं तथा देश को अलग-अलग हिस्सों में देखते हैं.
यह टिप्पणी लोकसभा की विशेष बैठक से एक दिन पहले आई है. बैठक में संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़ा विधेयक पेश किया जाना है. कांग्रेस नीत विपक्ष इन प्रस्तावों का विरोध करने की बात कह चुका है. राहुल गांधी ने प्रस्तावित लोकसभा विस्तार को चुनाव में हेरफेर की आशंका से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं.
मोदी ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह भी कहा कि पिछले 50 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं. भूपेन हजारिका को 2019 में मरणोपरांत भारत रत्न दिया गया था.
