प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित NDTV World Summit 2026 में बदलती वैश्विक व्यवस्था और उसमें भारत की भूमिका पर विचार रखे. उन्होंने कहा कि दुनिया को यह समझना होगा कि पुरानी वैश्विक व्यवस्था आज की चुनौतियों का समाधान क्यों नहीं दे पा रही है और इस बदलाव के दौर में भारत की जिम्मेदारी क्या है.
प्रधानमंत्री के अनुसार, तकनीक ने दुनिया को व्यापक रूप से बदल दिया है. उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद सहयोग, सम्मान और विवादों के समाधान की जरूरत को समझते हुए संयुक्त राष्ट्र की स्थापना का आधार तैयार हुआ था, लेकिन आज दुनिया के सामने नई वास्तविकताएं हैं. उनके मुताबिक, व्यापार के हथियारीकरण और समुद्री मार्गों के भू-राजनीतिक तनाव का केंद्र बनने से वैश्विक व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता और स्पष्ट हुई है.
मोदी ने कहा कि भारत ऐसी विश्व व्यवस्था की वकालत करता है जिसके केंद्र में लोग हों और जिसमें बदलती दुनिया की अलग-अलग आवाजों को मुख्यधारा में जगह मिले. उन्होंने चाणक्य के ‘मत्स्य न्याय’ का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यवस्था कमजोर पड़ने पर बड़ी ताकतें छोटी ताकतों पर हावी हो जाती हैं. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत के मजबूत होने से दुनिया भी मजबूत होगी और देश शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
कांग्रेस पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जब दुनिया नए वैश्विक क्रम की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग भारत में अव्यवस्था के सपने देख रहे हैं और विदेशों में जाकर देश को बदनाम कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा कि पार्टी अपने नेता की लॉन्चिंग के लिए देश को कब तक दांव पर लगाती रहेगी. उन्होंने कांग्रेस नेता की बार-बार राजनीतिक लॉन्चिंग पर भी तंज कसा.
मोदी ने कहा कि इन चुनौतियों के बीच भारत के सामने ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य है. उन्होंने ‘वी विल डू इट’ का संदेश देते हुए उम्मीद जताई कि देश नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और दुनिया के सामने मजबूती से अपनी भूमिका रखेगा.
