प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सितंबर 2026 के आगामी विदेश दौरे में जर्मनी और अमेरिका शामिल हो सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यात्रा की शुरुआत बर्लिन से होने की संभावना है, जहां मोदी भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) में हिस्सा ले सकते हैं.

इसके बाद प्रधानमंत्री अमेरिका के मियामी में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में भाग ले सकते हैं. सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मोदी की द्विपक्षीय बैठक की संभावना जताई गई है. हालांकि, दोनों नेताओं की बैठक और यात्रा कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

भारत और जर्मनी के बीच अगला अंतर-सरकारी परामर्श 2026 में जर्मनी में आयोजित किए जाने पर सहमति पहले ही बन चुकी है. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई है.

अमेरिका में प्रस्तावित बैठक भारत-अमेरिका संबंधों और दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता के संदर्भ में महत्वपूर्ण हो सकती है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी G20 के दौरान मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात के संकेत दिए थे, लेकिन बैठक का कार्यक्रम अभी तय नहीं बताया गया है.