प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर 2026 को 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित होगा. प्रधानमंत्री इस अवसर पर चयनित उम्मीदवारों को संबोधित भी करेंगे.

रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 स्थानों पर किया जाएगा. नियुक्त किए गए युवा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार संभालेंगे. इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय सहित अन्य संस्थान शामिल हैं.

यह 20वां रोजगार मेला है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस आयोजन के बाद विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो जाएगी. सरकार रोजगार मेले को युवाओं के लिए रोजगार अवसर बढ़ाने और उन्हें देश के विकास में अधिक भागीदारी देने की पहल के रूप में प्रस्तुत करती है.