प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली और इसमें विकसित भारत 2047 के रोडमैप पर मुख्य रूप से चर्चा की गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सितंबर में हुए मंत्रिपरिषद के चिंतन शिविर के बाद मंत्रालयों को दिए गए लक्ष्यों तथा कार्ययोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. मंत्रियों से लंबित कामों और आगे की प्राथमिकताओं पर जानकारी भी ली गई.
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सरकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ लोगों तक सीधे, पारदर्शी और सुगमता से पहुंचे. गरीबी उन्मूलन तथा जनकल्याण से जुड़ी पहलों की जमीनी प्रगति पर भी चर्चा होने की बात कही गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विकसित भारत 2047 के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक रोडमैप पर मंत्रालयों के स्तर पर चल रहे काम का आकलन किया गया. बैठक में अगले चरण के कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया गया.
