अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में बघीरा AT1 एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम का परीक्षण किया. कंपनी के अनुसार, यह परीक्षण 20 नवंबर को किया गया और इसमें सिस्टम की दिन तथा रात में लक्ष्य भेदने की क्षमता प्रदर्शित की गई.
परीक्षण के दौरान एक ही बीम के साथ दो मिसाइलें दागी गईं. इनके लिए बख्तरबंद वाहन जैसा लक्ष्य तैयार किया गया था. सिस्टम ने लंबी दूरी पर एक हवाई लक्ष्य को निशाना बनाने की क्षमता का प्रदर्शन भी किया. कंपनी ने कुल चार सफल फायरिंग की जानकारी दी है.
यह प्रदर्शन ‘नो कॉस्ट, नो कमिटमेंट’ आधार पर किया गया था. इसका अर्थ है कि परीक्षण के चलते भारतीय सेना पर इस सिस्टम को खरीदने की कोई बाध्यता नहीं बनी है. परीक्षण को भारतीय सेना, रक्षा मंत्रालय और डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने देखा.
वाहन-आधारित मोबाइल सिस्टम
कंपनी के मुताबिक, बघीरा AT1 को 18 महीने के डिजाइन और विकास के बाद तैयार किया गया है. सिस्टम में मिसाइल, ऑटोमेटेड लॉन्चर और दिन-रात काम करने वाले साइट्स शामिल हैं. इन उपकरणों को कंपनी के डिजाइन किए गए 4x4 हाई मोबिलिटी बख्तरबंद वाहन पर लगाया गया है. इससे सिस्टम को जमीन पर तेजी से स्थानांतरित करने का विकल्प मिलता है.
अडानी डिफेंस ने इसे भारतीय भूभाग, मौसम और सेना की जरूरतों के अनुरूप विकसित किए जाने की बात कही है. हालांकि, पोखरण परीक्षण के बाद बघीरा AT1 को भारतीय सेना में शामिल करने या इसकी खरीद का कोई ऐलान नहीं हुआ है. फिलहाल यह सिस्टम सेना के मूल्यांकन के लिए प्रदर्शित किया गया है.
