पोलैंड की रहने वाली डोमिनिका पातालास-कलरा करीब 10 साल बाद भारत लौटीं तो उन्हें यहां की रोजमर्रा की जिंदगी में कई बड़े बदलाव नजर आए. दिल्ली में मॉडल के तौर पर काम कर चुकीं डोमिनिका ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया कि इस दौरान डिजिटल भुगतान से लेकर परिवहन और ऑनलाइन सेवाओं तक काफी बदलाव हुआ है.

कैश से यूपीआई तक का बदलाव

डोमिनिका के मुताबिक, जब वह करीब 10 साल पहले भारत आई थीं, तब खरीदारी और दूसरी सेवाओं के भुगतान के लिए नकदी पर ज्यादा निर्भरता थी. अब छोटी दुकानों से लेकर बड़े शोरूम तक क्यूआर कोड दिखाई देते हैं. लोग मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर यूपीआई के जरिए कुछ ही सेकंड में भुगतान कर लेते हैं.

उन्होंने भारत में बने नए एयरपोर्ट और हवाई सफर से जुड़ी सुविधाओं में सुधार का भी उल्लेख किया. डोमिनिका ने कहा कि अब पोलैंड से भारत आने के लिए करीब सात घंटे की सीधी उड़ान उपलब्ध है. उनके अनुभव के अनुसार, पहले कई यात्राओं में दूसरे देशों के रास्ते आना पड़ता था.

सड़क, मेट्रो और ट्रेन नेटवर्क का जिक्र

भारत की सड़कों और हाईवे में हुए बदलावों को बताते हुए डोमिनिका ने दिल्ली से देहरादून की यात्रा का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि यह सफर अब करीब तीन घंटे में पूरा किया जा सकता है. उनके अनुसार, बेहतर सड़कों और हाईवे ने कई यात्राओं को पहले के मुकाबले आसान बनाया है.

डोमिनिका ने दिल्ली-मेरठ रूट का भी जिक्र किया और कहा कि अब यह दूरी करीब 50 मिनट में तय की जा सकती है. उन्होंने वंदे भारत जैसी नई ट्रेनों और भारत में बढ़ते ऐप आधारित सेवाओं को भी बदलाव का हिस्सा बताया.

ऑनलाइन खरीदारी और डिलीवरी सेवाओं में आए बदलाव पर उन्होंने कहा कि पहले सामान लेने के लिए दुकान जाना पड़ता था, जबकि अब मोबाइल से ऑर्डर करने के बाद कई चीजें कुछ ही मिनटों में घर पहुंच जाती हैं.

सोशल मीडिया पर चर्चा

डोमिनिका का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. कुछ यूजर्स ने उनके अनुभव से सहमति जताई, जबकि अन्य ने 5G इंटरनेट, डिजिटल भुगतान, फ्लाईओवर, छह लेन वाली सड़कों और नए एयरपोर्ट का उल्लेख किया. वीडियो के अंत में डोमिनिका ने कहा कि भारत तेजी से बदल रहा है और वह सोच रही हैं कि अगले 10 सालों में देश कैसा दिखाई देगा.