जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना ने तलाशी अभियान के दौरान सात संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और 7.62 मिमी लाइट मशीन गन (LMG) की मैगजीन बरामद करने का दावा किया है. यह कार्रवाई कासबलारी गांव के पास खुफिया सूचना के आधार पर की गई. अभियान में 156 Territorial Army और 37 राष्ट्रीय राइफल्स शामिल थीं.
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान भूरे रंग की टेप से लिपटे छह कंटेनर, नीली टेप से लिपटा एक कंटेनर और मैगजीन वाला एक संदिग्ध कंटेनर मिला. इसके अलावा काले रंग का बैग, कॉम्बैट पाउच, पावर अडैप्टर, बिजली का स्रोत, एल्युमिनियम कंटेनर और टिफिन भी बरामद किए गए. बरामद सामग्री की जांच की जा रही है.
बारामुला में दो संदिग्ध गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 22 अक्टूबर को बारामुला में दो संदिग्ध आतंकवादी मददगारों को गिरफ्तार किया. अधिकारियों के मुताबिक, उनके पास से तुर्की निर्मित Canik पिस्तौल, 10 कारतूस वाली मैगजीन और दो IED बरामद हुए. दोनों संदिग्ध सोपोर के चिंकीपोरा के निवासी बताए गए हैं.
सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स और बारामुला पुलिस ने डेलिना घाट के पास दारपुरा नर्सरी क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा. अधिकारियों को संदेह है कि वे आतंकवादियों तक हथियार और विस्फोटक पहुंचाने में मदद कर रहे थे. मामले की जांच जारी है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले 60 दिनों में बारामुला क्षेत्र में 18 संदिग्ध आतंकवादी मददगारों की गिरफ्तारी हुई है. इससे पहले कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और सोपोर में भी हथियार, ग्रेनेड, IED और संदिग्ध सहयोगियों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई थी.
