जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना ने तीन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया. यह कार्रवाई मेंढर और बालाकोट के अग्रिम इलाकों में की गई.
अधिकारियों के अनुसार, मेंढर क्षेत्र के बसूनी टॉप में सीमा बाड़ के पास दो बारूदी सुरंगें मिली थीं. सेना के जवानों ने इन्हें देखते ही इलाके को सुरक्षित किया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया. दस्ते ने दोनों सुरंगों को नियंत्रित तरीके से नष्ट कर दिया.
एक अन्य घटना में बालाकोट के अग्रिम क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान एक और बारूदी सुरंग का पता चला. बम निरोधक टीम ने इसे भी सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि एलओसी के अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोधी अवरोधक व्यवस्था के तहत बारूदी सुरंगें लगाई जाती हैं. बारिश के दौरान कुछ सुरंगें अपने मूल स्थान से खिसक सकती हैं और बाद में सामने आने पर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकती हैं. समय रहते इनका पता लगाकर कार्रवाई की गई, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई.
