जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की कोशिश के दौरान बारूदी सुरंग में विस्फोट होने की खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष कमांडर समेत चार आतंकियों की मौत हुई है.
बताया गया है कि समूह सोमवार दोपहर बाद कृष्णा घाटी सेक्टर के नंगी टकरी इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वे बारूदी सुरंगों वाले क्षेत्र में पहुंच गए और विस्फोट हो गया. रिपोर्ट्स में मृतकों की पहचान मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद वकास और मोहम्मद असीम के रूप में बताई गई है.
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी किया है. LoC पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चूक को रोका जा सके.
मेंढर सेक्टर में दो बारूदी सुरंगें नष्ट
एक अलग कार्रवाई में पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर लगी बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगें मिलीं. अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह 8:25 बजे रास्ता बनाने के काम के दौरान इनका पता चला. सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में इसी इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है.
