जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास रहने वाली एक महिला के लापता होने के बाद उसके पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. मामला कीरनी गांव का है, जहां की निवासी रूबीना कौसर शुक्रवार को आठ बकरियां चराने के लिए घर से निकली थीं. शाम तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला के बकरियों समेत नियंत्रण रेखा पार करने की आशंका है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह गलती से सीमा पार कर गईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस, सेना और प्रशासन के अधिकारी गांव पहुंचे. सुरक्षाबलों और स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला के सीमा पार जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है और उनकी तलाश जारी है.

पुंछ के नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में कई परिवारों के रिश्तेदार सीमा के दूसरी ओर रहते हैं. ऐसे में जांच एजेंसियां महिला के लापता होने की परिस्थितियों और संभावित सीमा पार जाने के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.