पोप लियो XIV ने शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को फ्रांस की अपनी चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभावों पर चेतावनी के साथ की. पेरिस स्थित एलिसी पैलेस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, अधिकारियों, नागरिक समाज और राजनयिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मानवता को ‘मशीनों के स्वर्ग’ के बीच अपनी मानवीय पहचान न खोने की अपील की.
पोप ने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित और नियंत्रित करने वाली तकनीकों के बीच नैतिक विवेक की शिक्षा बेहद जरूरी है. उनके अनुसार, तकनीकी प्रगति का मूल्यांकन केवल उसकी क्षमता से नहीं, बल्कि इस आधार पर भी होना चाहिए कि वह मानव स्वतंत्रता, गरिमा और साझा भलाई की रक्षा करती है या नहीं.
वेटिकन के आधिकारिक भाषण के अनुसार, पोप ने AI के संभावित लाभों को स्वीकार करते हुए निगरानी, हेरफेर, भेदभाव, स्वायत्त हथियारों और पर्यावरणीय दबाव जैसे जोखिमों का भी उल्लेख किया. उन्होंने विज्ञान और तकनीक को लाभ-केंद्रित दिशा में ले जाने वाली प्रवृत्तियों, आनुवंशिक हेरफेर और इच्छामृत्यु से जुड़े प्रस्तावों पर भी चिंता जताई.
लियो XIV की फ्रांस यात्रा 25 से 28 सितंबर तक निर्धारित है. कार्यक्रम में पेरिस के अलावा लूर्द और मेट्ज़ की यात्राएं भी शामिल हैं.
