प्रभसिमरन सिंह ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया है. जालंधर वॉरियर्स के कप्तान ने टूर्नामेंट के 9 मैचों में 575 रन बनाए. उनके नाम 2 शतक और 3 अर्धशतक रहे. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 82.14 और स्ट्राइक रेट 201.05 रहा.
प्रभसिमरन ने पूरे टूर्नामेंट में 57 चौके और 34 छक्के लगाए. बाउंड्री से उन्होंने कुल 432 रन जुटाए.
शनिवार, 12 सितंबर को मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भी उन्होंने जालंधर वॉरियर्स के लिए तेज पारी खेली. प्रभसिमरन ने 35 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे. हालांकि, उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
लुधियाना लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 220 रन बनाए. सलिल अरोड़ा ने 56 गेंदों पर 120 रन की पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. माधव सिंह पठानिया ने 22 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए. जवाब में जालंधर वॉरियर्स 8 विकेट पर 203 रन ही बना सकी और 17 रन से मुकाबला हार गई. लुधियाना के साहिल भास्कर ने 16 रन देकर 6 विकेट लिए.
भारत के लिए अब तक डेब्यू नहीं
प्रभसिमरन को इस साल जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन वह तीनों मैचों में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके. इससे पहले वह हांगझोउ एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में शामिल थे, पर उन्हें किसी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला.
वह अब तक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर पाए हैं. IPL में वह पंजाब किंग्स के लिए कई प्रभावशाली पारियां खेल चुके हैं. शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में उनके प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में उनके अवसर को लेकर चर्चा बनी हुई है.
